भारत सरकार की राजभाषा नीति के क्रियान्वयन के लिए रा.अ.शि.प. में भी राजभाषा अनुभाग की स्थापना की गयी है। राजभाषा अनुभाग हिन्दी भाषा में उत्तरोत्तर वृद्वि के लिये प्रयत्नशील है।
उद्देश्य
राजभाषा अनुभाग का उद्देश्य भारत सरकार की राजभाषा नीति का सम्यक क्रियान्वयन करना है। भारत सरकार द्वारा जारी राजभाषा आदेशों, निर्देशों का अनुपालन करना और कराना, राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) का अनुपालन तथा नियमों का अनुपालन करना है। समस्त अधिकारियों एवं अनुभागों को राजभाषा नियमों/निर्देशों की जानकारी देना एवं आवश्यकतानुसार सहयोग प्रदान करना है।
क्रियाएं
राजभाषा अनुभाग में राजभाषा कार्यान्वयन के लिए भारत सरकार द्वारा जारी वार्षिक कार्यक्रम के अनुरूप कार्य किया जाता है। वार्षिक कार्यक्रम में निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। राजभाषा अधिनियम की धारा 3(3) के सम्यक अनुपालन हेतु सभी अनुभागों को मार्गदर्शन सम्बन्धी सहायता दी जाती है। सांविधिक द्विभाषिक कागजातों का अनुवाद कार्य भी एक प्रमुख कार्य है। हिन्दी प्रशिक्षण की व्यवस्था करना, जैसे जिन अधिकारी/कर्मचारियों को हिन्दी का कार्यसाधक ज्ञान नहीं है, उन्हें भारत सरकार की योजना के अन्तर्गत प्रशिक्षण दिलाने की व्यवस्था करना, हिन्दी टंकण, आशुलिपि एवं कम्प्यूटर प्रशिक्षण, कार्यशालाओं, वेबिनार के आयोजन से प्रशिक्षण व्यवस्था, हिन्दी पखवाड़ा कार्यक्रम, हिन्दी पत्र-पत्रिकाओं के प्रकाशन में सहयोग करना आदि कार्यकलाप प्रमुख रूप से सम्पन्न किए जाते हैं।